#बालाघाट
खेतों में पहुंचा कृषि विभाग, कीट-व्याधि नियंत्रण के बताए उपाय
रात्रिकालीन किसान संगोष्ठी में भी फसल सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
जिले में धान की फसल को कीट-व्याधियों से बचाने के लिए कृषि विभाग द्वारा खेतों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। कृषि अमला गांवों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लेने के साथ किसानों को मौके पर ही कीट एवं रोग नियंत्रण के तकनीकी उपायों की जानकारी दे रहा है।
उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने बताया कि 15 सितंबर को बालाघाट विकासखंड के ग्राम ओरम्हा में रात्रि के समय किसान संगोष्ठी आयोजित कर किसानों को वर्तमान में धान की फसल में प्रभावी कीट-व्याधियों की पहचान तथा उनके नियंत्रण के संबंध में जानकारी दी गई। किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने और कीट-रोग के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते उचित प्रबंधन अपनाने की सलाह दी गई।
इसी क्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने ग्राम मोहगांव खुर्द में कृषक कीर्तिकुमार मेश्राम के खेत का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वर्तमान में प्रभावी कीट-व्याधि की स्थिति का जायजा लेकर फसल सुरक्षा के लिए उचित प्रबंधन एवं तकनीकी उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई।
ग्राम पंचायत खारा में कृषक देवेंद्र पटले के धान खेत का निरीक्षण कर फसल में माहू की स्थिति देखी गई। कृषि अधिकारियों ने माहू के नियंत्रण के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी देते हुए फसल की नियमित निगरानी करने की सलाह दी।
इसी तरह ग्राम सिवनीकला एवं सारद में कृषक महेंद्र सुलाखे के खेत का मौके पर निरीक्षण किया गया। यहां धान की फसल में माहू तथा लीफ ब्लाइट का प्रकोप पाया गया। कृषि अमले ने फसल की स्थिति के अनुरूप किसानों को उचित नियंत्रण एवं प्रबंधन संबंधी तकनीकी सलाह प्रदान की।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल में किसी भी प्रकार के कीट अथवा रोग के लक्षण दिखाई देने पर बिना जानकारी के कीटनाशकों का प्रयोग न करें तथा कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर अनुशंसित तकनीकी उपाय अपनाएं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi