#बालाघाट
धान की फसल में रोग-कीट नियंत्रण का देसी तरीका, जानपुर में तैयार किए निमास्त्र और अग्निअस्त्र
कृषि सखियों ने किसानों को प्राकृतिक घोल तैयार करने और उपयोग की दी जानकारी
धान की फसल में वर्तमान में दिखाई दे रहे रोग एवं कीट प्रकोप के बीच किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक उपायों से फसल सुरक्षा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बिरसा अंतर्गत ग्राम जानपुर में किसानों के घर पर ही प्राकृतिक कीट नियंत्रण घोल तैयार कर उनके उपयोग की जानकारी दी गई।
कृषक नंदलाल एवं दलवीर सिंह के घर कृषि सखियों बिंदुलता टांडिया एवं मीना बघेल द्वारा दसपर्णी अर्क एवं अग्निअस्त्र तैयार किया गया। इस दौरान किसानों को इन प्राकृतिक घोलों की तैयारी, उपयोग की विधि तथा धान की फसल में इनके प्रयोग से संबंधित जानकारी दी गई।
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि धान की फसल को रोग एवं कीटों से बचाने के लिए किसानों को निमास्त्र, अग्निअस्त्र, दसपर्णी अर्क एवं जीवामृत जैसे प्राकृतिक उपायों को अपनाने की सलाह दी जा रही है। इन उपायों से किसान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर फसल की सुरक्षा के लिए प्राकृतिक विकल्प अपना सकते हैं।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को फसल का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रारंभिक अवस्था में ही रोग एवं कीटों की पहचान कर आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। ग्राम जानपुर में आयोजित गतिविधि के माध्यम से किसानों को खेत में रासायनिक उपायों पर निर्भरता कम करने तथा प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi #welfaretriba