#बालाघाट
गांव-गांव पहुंचा पशु चिकित्सा विभाग, पशुओं को बीमारी से बचाव के लिए लगाए टीके
दसों विकासखंडों में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित, गलघोंटू, एकटांगिया और एंटरोटॉक्सिमिया से बचाव पर जोर
जिले में पशुधन को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गांव-गांव पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। जिले के सभी दस विकासखंडों में आयोजित इन शिविरों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक डॉ. घनश्याम परते के नेतृत्व में आयोजित शिविरों में पशुओं को गलघोंटू एवं ब्लैक क्वार्टर (एकटांगिया) जैसी गंभीर संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए टीके लगाए गए। वहीं बकरियों में एंटरोटॉक्सिमिया से बचाव के लिए भी टीकाकरण किया गया। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन को समय रहते संक्रामक बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना और पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
शिविरों के दौरान पशुपालकों को पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करने की सलाह भी दी गई। विभागीय अमले ने ग्रामीणों को पशुओं के रख-रखाव एवं बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की।
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में स्थानीय पशु चिकित्सा शल्यज्ञों, क्षेत्रीय पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारियों तथा स्थानीय गौसेवक मैत्रियों ने सक्रिय सहयोग दिया। विभाग द्वारा गांव स्तर तक पहुंचकर किए जा रहे इस अभियान से पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार एवं बीमारी से बचाव की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं।
#CMMadhyaPradesh #minforestmp #JansamparkMP #healthminmp #welfaretribal #mp_husbandry
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026