#बालाघाट
प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण कार्यों का अभियान जारी
प्रभावित ग्रामों में विभिन्न विभागों द्वारा स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पोषण एवं आजीविका से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की 56 सर्वेक्षण टीमों द्वारा घर-घर स्वास्थ्य जांच और निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 18 चिकित्सा अधिकारी, 12 एम्बुलेंस और 6 पीएम जनमन एएनएमएमयू की सेवाएं लगाई गई हैं। विभाग द्वारा अब तक 514 सत्रों में कुल 22,021 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। 54 गांवों के 5,632 घरों में कीटनाशक का छिड़काव तथा 44 गांवों के 8,610 घरों में इंडोर और आउटडोर फॉगिंग कराई गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई और बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया। बैहर के 28 तथा बिरसा के 41 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को भोजन दिया गया। इसके अलावा कई केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को घर पहुंचाकर भोजन और टेक होम राशन (THR) भी वितरित किया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बैहर के 6 और बिरसा के 7 गांवों में कुल 46 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया। बिरसा के एक गांव में 5 जलस्रोतों से पानी के नमूने लिए गए। वहीं बैहर और बिरसा के 7 गांवों में 9 हैंडपंपों की मरम्मत एवं सुधार कार्य किया गया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जलस्रोतों के आसपास सफाई, गड्ढों को भरने, नालियों की सफाई और डार्क स्पॉट की सफाई का कार्य कराया गया। बैहर और बिरसा क्षेत्र के प्रभावित गांवों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।
पशु चिकित्सा विभाग द्वारा विशेष जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित कर पशुपालकों को योजनाओं से जोड़ा गया। बैहर के बिठली गांव में 17 बैगा आवेदकों से 10+1 बकरी पालन योजना के तहत आवेदन भरवाए गए। बिरसा के कुण्डेकसा में आयोजित शिविर में अडोरी, कुण्डेकसा और उसरी के 15 पशुपालकों ने 5+1 बकरी पालन योजना का लाभ लेने के लिए सहमति दी।
वहीं जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत कुण्डेकसा में बैगा महिलाओं और पुरुषों द्वारा तैयार सामाजिक एवं संसाधन मानचित्र प्रस्तुत किए गए। इनके आधार पर बैगा परिवारों की आजीविका योजनाओं पर चर्चा की गई। पशुधन, सिंचाई तथा कोदो-कुटकी वैल्यू चेन को प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में चिन्हित किया गया। इस कार्य में अशासकीय संस्था PRADAN का सहयोग रहा।
#CMMadhyaPradesh #minforestmp #mp_wcdmp #JansamparkMP #healthminmp #welfaretribal
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026