बसई रोड पर एन.के. फैक्ट्री के नजदीक 39 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने की वारदात का गुरुग्राम पुलिस ने किया खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार।
भागने की कोशिश में टूटी 2 आरोपियों की टाँग
कब्ज़ा से 01 देशी कट्टा (हथियार), 1 जिंदा कारतूस व वारदात में प्रयोग की गई बाईक बरामद
वर्ष-2025 में हुई हत्या का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड की साजिश रचकर दिया गया था वारदात को अंजाम।
आरोपियों ने मृतक व उसके बेटे की हत्या की बनाई थी योजना
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 11 सितंबर । गुरुग्राम पुलिस ने बसई रोड पर एन.के. फैक्ट्री के नजदीक 39 वर्षीय महेन्द्र नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह वारदात पुरानी रंजिश एवं हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से रची गई साजिश का परिणाम थी। गिरफ्तार आरोपियों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। साजिश के तहत मृतक महेन्द्र तथा उसके बेटे दोनों की हत्या करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन हमलावर केवल महेन्द्र की हत्या की वारदात को ही अंजाम दे सके।
10 सितंबर को पुलिस थाना सेक्टर-9ए, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक सूचना प्राप्त हुई कि रवि नगर के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पर डॉक्टरों द्वारा गोली लगने से घायल व्यक्ति को मृत घोषित करना ज्ञात हुआ। पुलिस टीम द्वारा
सीन-ऑफ-क्राइम एवं फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाया गया तथा घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण करवाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसी दौरान मृतक के बेटे ने पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 10 सितंबर को समय सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर यह अपने पिता महेन्द्र (उम्र 39 वर्ष) निवासी बसई, गुरुग्राम के साथ बाइक पर सवार होकर सदर बाजार जा रहा था। जब ये कृष्णा नगर के नजदीक एन.के. फैक्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक आए, जिनमें से एक युवक ने इसके पिता महेन्द्र पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए तो इसके पिता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-9ए, गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत अभियोग अंकित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस द्वारा तत्परता से करवाई की गई तथा 5 आरोपियों को काबू किया गया। उप-निरीक्षक प्रमोद, प्रभारी अपराध शाखा सैक्टर-10, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही करते हुए कल दिनांक 10 सितंबर को 2 आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जिनकी पहचान 1. पर्नव पारासर उर्फ छोटी (उम्र 20 वर्ष) व 2. प्रवीण पारासर (उम्र 45 वर्ष) दोनों निवासी गांव बिप्रावली, जिला आगरा, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी देवीलाल कॉलोनी, गुरुग्राम के रूप में हुई।
इसी प्रकार उप-निरीक्षक ललित कुमार, प्रभारी अपराध शाखा सैक्टर-40, गुरुग्राम के नेतृत्व में उप-निरीक्षक अंकित ने पुलिस टीम के साथ कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 3 आरोपियों को आज 11 सितंबर को काबू किया। आरोपियों की पहचान देव शर्मा उर्फ केमटी (उम्र-22 वर्ष) निवासी गांव पूरनपुर पीलीभीत जिला बरेली, उत्तर-प्रदेश हाल निवासी सैक्टर-9, गुरुग्राम, अंकित उर्फ बंटी (उम्र-19 वर्ष) निवासी गांव बसई, गुरुग्राम व उत्सव (उम्र-19 वर्ष) निवासी खुटाहा, जिला लख्खीसराय, बिहार हाल निवासी भवानी एनक्लेव, गुरुग्राम के रूप में हुई है। गढ़ी हरसरू के पास पुलिस टीम से घिरा देखकर आरोपी पुलिस से बचने के लिए बाइक छोड़कर भागने लगे। इस दौरान गड्ढे में गिरने से आरोपी देव व अंकित की टांग टूट गई।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी प्रवीण पारासर, आरोपी पर्नव पारासर का पिता है। आरोपी प्रवीण के दूसरे बेटे पर्व उर्फ बड़ी की वर्ष-2025 में हत्या की गई थी। पर्व उर्फ बड़ी की हत्या के मामले में मृतक महेन्द्र का बेटा भी शामिल था। इसी रंजिश एवं अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से आरोपी प्रवीण और पर्नव ने अपने अन्य साथी आरोपियों देव अंकित व उत्सव के साथ मिलकर महेन्द्र तथा उसके बेटे की हत्या की साजिश रची। साजिश को अंजाम तक पहुंचाने के लिए आरोपी पर्नव पारासर उर्फ छोटी व प्रवीण पारासर द्वारा अपने अन्य साथियों को हथियार एवं रुपए उपलब्ध करवाए गए, जिसके बाद महेन्द्र की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपी देव ने गोली चलाई थी। आरोपियों द्वारा रची गई साजिश के तहत महेन्द्र और उसके बेटे दोनों की हत्या करने का इरादा था, लेकिन हमलावर एक ही हत्या की वारदात को अंजाम दे सके।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्ज़ा से 1 देशी कट्टा (हथियार), 1 जिंदा कारतूस व वारदात में प्रयोग की गई बाईक बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस टीम द्वारा गहनता से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, हथियार उपलब्ध करवाने, रुपए के लेन-देन तथा हत्या की साजिश से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका एवं उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।