लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार।
कब्जा से 12 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 पासबुक, 7 चेकबुक व 13 एटीएम कार्ड बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग,10 सितंबर । गौरव फोगाट HPS, सहायक पुलिस आयुक्त गुरुग्राम के निर्देशन में निरीक्षक दिनेश कुमार, प्रबंधक थाना साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए 9 सितंबर को पिरामिड अर्बन होम्स सैक्टर-70A, गुरुग्राम में छापेमारी करते हुए लोन दिलाने के नाम पर लोगों को गुमराह करके धोखाधड़ी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 1. शिबांग प्रसाद निवासी बुरोमल, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा, हाल निवासी पिरामिड अर्बन होम्स, सैक्टर-70A, गुरुग्राम, 2. नीरज कुमार साह निवासी कोइलवर, जिला भोजपुर, बिहार हाल निवासी पिरामिड अर्बन होम्स, सैक्टर-70A, गुरुग्राम तथा 3. प्रशांत कुमार सिंह निवासी 18 उत्तर पट्टी, कोबिल, जिला नालंदा, बिहार, हाल निवासी पिरामिड अर्बन होम्स, सैक्टर-70A, गुरुग्राम के रूप में हुई। उपरोक्त आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी करने पर इनके विरुद्ध थाना साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी फेसबुक व इंस्टाग्राम पर लोन के फर्जी विज्ञापन चलाते है। लोन लेने के इच्छुक लोग जब लाखों रुपए का लोन लेने के लिए इनसे संपर्क करते हैं तब ये उन लोगों से आवश्यक दस्तावेज लेकर राम फिनकॉर्प फाइनेंस ऐप के माध्यम से 20 हजार से 30 हजार रुपए का लोन करवा देते हैं। जब लोन लेने वाला व्यक्ति इनको ज्यादा राशि के लोन के लिए कहता है तब ये आरोपी ज्यादा राशि का लोन दिलाने का भरोसा दिलाकर कम राशि का कराया हुआ लोन क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइटों में ट्रांसफर करवा लेते थे। उसके बाद उन वेबसाइट पर बनी हुई इनकी आईडी के माध्यम से अपने बैंक खाते में रुपए ट्रांसफर कर लेते थे। जब लोन लेने वाले व्यक्ति बार-बार इनको कॉल करता तो ये उन लोगों को कहते कि जो कम राशि का लोन इन्होंने करवाया था उसकी पेमेंट करने की जरूरत नहीं है लेकिन उसके बाद लोन लेने वाले व्यक्ति के पास पेमेंट के लिए लोन देने वाली कंपनी द्वारा कॉल की जाती तो उन लोगों को ठगी का एहसास होता था।
आरोपियों के कब्जा से 12 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 पासबुक, 7 चेकबुक व 13 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग अनुसंधानाधीन है।