वित्तीय समावेशन अभियान के तहत संडीला में विशेष कार्यक्रम, पात्र लाभार्थियों को बांटे किसान क्रेडिट कार्ड और बीमा दावे
हरदोई। समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को संडीला में बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, भारतीय रिजर्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एलडीएम एवं क्रिसिल टीम द्वारा अतिथियों को पौधा भेंट कर तथा अभियान के उद्घाटन के साथ किया गया। इस दौरान बैंक ऑफ इंडिया हरदोई अंचल के आंचलिक प्रबंधक किरण डी. पाठक ने प्रारंभिक वक्तव्य देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक की उप महाप्रबंधक अनुराधा साहू ने डिजिटल वित्तीय लेनदेन के सुरक्षित तरीकों, विभिन्न बैंकिंग उत्पादों तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को सतर्कता के साथ डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया।
मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक, लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार ने अपने संबोधन में वित्तीय साक्षरता और प्रत्येक नागरिक तक निर्बाध बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संतृप्ति अभियान का उद्देश्य केवल बैंक खाते खोलना नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा और ऋण योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।
संडीला की खंड विकास अधिकारी गौरी राठौर ने स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण परिवारों को अभियान से जोड़ने में ब्लॉक प्रशासन की भूमिका और सहयोगात्मक प्रयासों पर प्रकाश डाला। इसके बाद क्रिसिल फाउंडेशन के वरिष्ठ प्रतिनिधि ने क्रिसिल परियोजना के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मंचस्थ अतिथियों द्वारा पात्र लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड और बीमा दावों का वितरण किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक अरविन्द रंजन ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के महत्व, लाभ और विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में क्षेत्रीय बैंकर्स, ग्राम प्रधान, बैंक मित्र, स्थानीय नागरिकों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
Bilgram, Hardoi | Nov 7, 2026