हरदोई में विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी ने किया मतदाता बूथों का निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश
हरदोई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शनिवार को विशेष अभियान दिवस मनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय ने तहसील सदर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने श्रीराम बाजपेई विद्यालय, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज तथा कन्या प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूचियों का गंभीरता से परीक्षण करने और उनमें पाई जाने वाली त्रुटियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समयावधि में बूथों पर उपस्थित रहने को कहा। उन्होंने सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को कराया जा चुका है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके लिए चार विशेष अभियान दिवस तय किए गए हैं। शनिवार को तीसरा विशेष अभियान दिवस रहा, जबकि 29 नवंबर को चौथा एवं अंतिम विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई हैं, जहां नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 उपलब्ध रहेंगे। हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवेदन भरने में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह प्रपत्र-6 भरकर अपने बीएलओ के पास जमा कर सकता है अथवा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकता है।
मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जनपद स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1950 के अलावा 05852-234075, 05852-297417, 05852-297436 और 05852-234407 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसील कार्यालयों में भी हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।
मतदाता Voter Helpline ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध 'Book a Call With BLO' विकल्प के माध्यम से भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
Bilgram, Hardoi | Nov 28, 2026