सदर अस्पताल में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था, गंदे पानी के बीच रात बिताने को मजबूर मरीजों के स्वजन
एसएनसीयू और एमसीएच वार्ड के समीप नाली का पानी जमा होने से बढ़ी परेशानी, नवजातों की सेहत को लेकर परिजन चिंतित
जहानाबाद : सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के साथ उनके स्वजनों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अस्पताल में निर्माण कार्य के कारण पहले से ही आवागमन प्रभावित है। वहीं, परिसर में जलनिकासी और सफाई की उचित व्यवस्था नहीं रहने से स्थिति और खराब हो गई है। अस्पताल के एसएनसीयू और एमसीएच वार्ड के आसपास गंदा पानी जमा रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि बीते दो दिनों में मामूली बारिश हुई है, लेकिन अस्पताल परिसर में पानी का जमाव काफी अधिक है। स्थानीय लोगों और मरीजों के स्वजनों का दावा है कि जमा पानी केवल बारिश का नहीं, बल्कि नालियों से निकलने वाला गंदा पानी है। इसमें कचरा और अन्य गंदगी दिखाई दे रही है। पानी सड़ने के कारण आसपास का वातावरण भी दुर्गंध से भर गया है।
इसका सबसे अधिक असर एसएनसीयू और एमसीएच वार्ड के आसपास देखने को मिल रहा है। यहां नवजात शिशुओं का उपचार किया जाता है। ऐसे में वार्ड के बाहर गंदगी और जलजमाव को लेकर बच्चों के अभिभावक काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि नवजातों को संक्रमण से बचाने के लिए अस्पताल में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है, लेकिन वार्ड के बाहर ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
एमसीएच वार्ड में भर्ती बच्चों के स्वजनों ने बताया कि अपने बच्चों से मिलने जाने के लिए उन्हें जमा गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। पानी में कीड़े-मकोड़े होने की आशंका भी बनी रहती है। अस्पताल परिसर में परिजनों के बैठने और भोजन करने के लिए भी समुचित स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में कई लोगों को मजबूरी में गंदगी के आसपास ही बैठकर खाना पड़ता है। रात में भी उन्हें इसी परेशानी के बीच समय गुजारना पड़ता है।
अस्पताल के समीप स्थित छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को भी जलजमाव के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। इसी क्षेत्र में सिविल सर्जन का आवास भी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि एक तरफ सदर अस्पताल में नए भवन का निर्माण कर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद चल रही है, वहीं दूसरी तरफ सफाई और जलनिकासी जैसी जरूरी सुविधाएं बदहाल हैं। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की स्थिति मरीजों के साथ उनके स्वजनों के लिए भी परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन और नगर परिषद से तत्काल पहल कर जलजमाव दूर कराने तथा नालियों की सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो परेशानी बनी रहेगी। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस समस्या को दूर करने के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 31, 2026