भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ कोंच
कोंच। कस्बे के बल्दाऊ धर्मशाला के पास संयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। कलश यात्रा नगर के केलर गंज से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए सागर तालाब स्थित बल्दाऊ धर्मशाला पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा केलर गंज से प्रारंभ होकर नई बस्ती, रामगंज बाजार, नगर पालिका और सागर चौकी होते हुए बल्दाऊ धर्मशाला पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में लोगों ने कलश यात्रा का स्वागत भी किया। श्रीमद्भागवत कथा के परीक्षित संतोष गिरवासिया और अर्चना गिरवासिया सिर पर श्रीमद्भागवत पुराण धारण कर कलश यात्रा में चल रहे थे। वहीं भागवताचार्य आचार्य रामानंद दास महाराज, रामकुंज अयोध्या धाम, रथ पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयघोष किए। नगर पालिका पर पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुनील लोहिया और सभासदों ने कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को मिष्ठान वितरित किया गया। कलशयात्रा में कमलेश गिरवासिया, संजय-मिली गिरवासिया, सुमित-दीप्ति गिरवासिया, सक्षम-दीक्षा गिरवासिया, लक्ष्मी गिरवासिया, बंटी गिरवासिया, संकल्प, बेटू, हर्ष, वान्या, मनोज इकड़या, अमित यादव, अनुज त्रिपाठी, अशोक गुर्जर, रविकांत कुशवाहा, बादाम कुशवाहा, प्रभुदयाल गौतम सहित सैकड़ों महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Sep 14, 2026