सुरक्षित गणेश विसर्जन व जल विहार को लेकर प्रशासन अलर्टः धनुतालाब का निरीक्षण किया
पीस कमेटी की बैठक में महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए
कोंच। कस्बे में 14 सितंबर से प्रारंभ होकर सप्ताह भर चलने वाले गणेश महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने जहां पीस कमेटी के माध्यम से गणेश पंडालों के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए, तो वहीं गणेश विसर्जन और जलविहार कार्यक्रमों को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को विसर्जन स्थल का जायजा लिया है। शनिवार देर शाम एसडीएम अभिनव कुमार यादव और सीओ परमेश्वर प्रसाद ने धनु तालाब का निरीक्षण किया और वहां साफ-सफाई व अन्य जरूरी तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तालाब के आसपास की साफ-सफाई, सुरक्षा और आने-जाने के रास्तों की तैयारियों को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गणेश विसर्जन और जलविहार के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। उन्होंने तालाब में सुरक्षा के पूरे इंतजाम करने को भी कहा। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं ठीक कर ली जाएं। भीड़ को संभालने, रास्तों पर ट्रैफिक सही रखने और किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने शोभायात्रा रूट पर गड्ढों को भरवाने की भी ताकीद की। इससे पूर्व कोतवाली में आयोजित शांति समिति की बैठक में भी अधिकारियों ने गणेश सेवा मंडलों के कार्यकर्ताओं को पंडाल निर्माण में सुरक्षा उपाय अपनाए जाने पर जोर दिया, शोभायात्रा में छोटे डीजे और वॉल्यूम कम रखने के साथ यह भी कहा कि जो भी भजन आदि बजें वो मर्यादित हों, ऐसा कुछ भी न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत होती हों। इस दौरान जेई बिजली देवेंद्र उपाध्याय, अतिरिक्त निरीक्षक कामता प्रसाद, एसएसआई विमलेश कुमार, सुमित पांडे, शिवनारायण वर्मा, अशोक कुमार वर्मा, अभिषेक सिंह, राकेश पटेल, दीपू अग्रवाल, अमित नगाइच, गौरव सोनी, निखिल सोनी, अजय कुशवाहा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Sep 14, 2026