परिवार परामर्श केंद्र का मुख्य मकसद परिवारों को टूटने से बचाना है: एसपी
पुलिस कप्तान ने कोतवाली में स्थापित परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया
कोंच में होगी सर्किल के चार थानों के पारिवारिक विवादों की काउंसलिंग
कोंच। जिले के पुलिस कप्तान विनय कुमार सिंह ने रविवार को कोतवाली में स्थापित परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र में सर्किल के चार थानों कोंच, कैलिया, नदीगांव व एट से जुड़े पारिवारिक विवादों के मामलों की काउंसलिंग होगी। एसपी ने कहा, परिवार परामर्श केंद्र की स्थापना का मकसद परिवारों को टूटने से बचाना है। पब्लिक के बीच से नियुक्त किए गए काउंसलर विवादों को सुन कर आपसी सुलह समझौते के आधार पर मामलों को निपटाने की कोशिश करेंगे। इससे लोगों को पुलिस और अदालती झंझटों के इतर बेहतर परिणाम मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
दोपहर 12 बजे कोंच पहुंचे पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परिवार परामर्श केंद्र का फीता कोतवाली की महिला सिपाही से कटवाने के बाद कक्ष का निरीक्षण किया और पब्लिक के बीच से नियुक्त किए गए चारों काउंसलर्स पत्रकार पुरुषोत्तमदास रिछारिया, पूर्व सभासद जाहिद, शिक्षाविद डॉ सावित्री गुप्ता एवं समाजसेवी रजनी डेंगरे से परिचयात्मक मुलाकात कर उनकी भूमिका के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा, आज छोटी-छोटी बातों को लेकर पारिवारिक रिश्तों में जो दरकन आ रही है उससे परिवार बिखर रहे हैं। पुलिस में आने वाले ऐसे मामलों को देखने के लिए सर्किल लेवल पर परिवार परामर्श केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें काउंसलर्स उभय पक्षों को सुनकर समस्याओं का बेहतर निदान खोजने की कोशिश करेंगे ताकि टूटते परिवारों को आपसी सहमति से फिर एक किया जा सके। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभी जिला मुख्यालय पर परिवार परामर्श केंद्र चल रहा है जिससे वहां जिले भर के मामले इकट्ठा हो जाते हैं। अब सर्किल लेवल पर परामर्श केंद्र खोले गए हैं ताकि मामलों का गुणवत्तापूर्ण त्वरित समाधान हो सके। इस अवसर पर सीओ परमेश्वर प्रसाद, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार, एसआई अशोक कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। इसके बाद एसपी ने बैरक और विवेचना कक्ष की निर्माणाधीन बिल्डिंग का भी अवलोकन किया और निर्माण एजेंसी को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
Konch, Jalaun | Sep 14, 2026