संकोच छोड़ें, चुप्पी तोड़ें, खुल कर बोलें महिलाएं: पुलिस कप्तान
पचीपुरी गांव में मिशन शक्ति के तहत आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम
कोंच। स्कूली बालिकाओं कामकाजी युवतियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शासन के निर्देश पर पुलिस विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। बालिकाएं एवं महिलाएं स्कूल, कॉलेज, बाजार या सार्वजनिक स्थानों अथवा कार्य स्थल पर किसी प्रकार की परेशानी महसूस करें तो शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर्स का इस्तेमाल कर पुलिस से त्वरित सहायता प्राप्त कर सकतीं हैं। महिलाएं संकोच न करें, चुप्पी तोड़ें और खुल कर बोलें। यह बात जिले के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मिशन शक्ति के तहत रविवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पचीपुरी में आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम में कही।
मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी शक्ति-नारी सम्मान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पचीपुरी में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने वहां उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को इंगित करते हुए कहा कि साइबर अपराध के प्रति भी उन्हें विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। वर्तमान समय में साइबर ठगी और अन्य तरह के साइबर अपराधों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में अपने मोबाइल, बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी भी अनजान के साथ संवेदनशील और व्यक्तिगत जानकारी साझा कतई न करें, संदिग्ध लिंक या मैसेज पर भी क्लिक न करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सम्मान दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है, परेशानी होने पर बगैर किसी डर के थाना पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी पूनम यादव ने कहा कि यदि किसी बालिका अथवा महिला का शारीरिक या मानसिक शोषण, छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी अन्य प्रकार की हिंसा की जा रही है तो वह चुप न रहे। ऐसी स्थिति में परिजनों को जानकारी देने के साथ ही पुलिस से तत्काल मदद लेनी चाहिए, ताकि संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में सीओ परमेश्वर प्रसाद, ग्राम प्रधान नीतू सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक कामता प्रसाद, पूनम देवी, एसएसआई विमलेश कुमार, एसआई अशोक कुमार वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि अवधेश पटेल सहित बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं मौजूद रहीं।
Konch, Jalaun | Sep 14, 2026