#बलरामपुर: स्कूल में कक्षा 2 की छात्रा की अचानक मौत, डीजे के शोर का दावा; जांच शुरू
वायरल सीसीटीवी और पोस्ट के आधार पर पुलिस प्रशासन ने लिया संज्ञान, एसपी बोले— जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
#बलरामपुर ! नगर क्षेत्र स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में सोमवार को कक्षा दो की एक मासूम छात्रा की अचानक हुई मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज और पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण छात्रा की जान गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को छात्रा रोजाना की तरह स्कूल गई थी, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों में डीजे के कानफोड़ू शोर को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
मामले पर जानकारी देते हुए बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रा की मृत्यु वास्तव में डीजे की तेज ध्वनि के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय या तकनीकी वजह है, इसका खुलासा जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने आश्वासन दिया है कि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित व सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#balrampur #balrampurpolice