#Balrampur ! गणेश प्रतिमा विसर्जन: राप्ती घाट पहुंचे ASP, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; दिए कड़े निर्देश...
#बलरामपुर (21 सितंबर): भगवान श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए बलरामपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विशाल पाण्डेय ने राप्ती नदी तट स्थित मुख्य विसर्जन घाट और आसपास के सुरक्षा इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने विसर्जन मार्ग और घाट पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों तथा सादे कपड़ों में जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाट पर गोताखोरों, नावों और जीवनरक्षक संसाधनों की मुस्तैदी के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा, भीड़ नियंत्रण व सुगम यातायात के लिए बैरिकेडिंग व रूट डायवर्जन करने तथा घाट पर पर्याप्त रोशनी, लाउडस्पीकर व साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
एएसपी विशाल पाण्डेय ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और आयोजकों व स्थानीय नागरिकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर संतोष मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
#balrampur #balrampurpolice