लखीसराय के 1.10 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 12.74 करोड़ रुपये
लखीसराय। मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी ने शनिवार को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित की। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया, जिसे जिले के पदाधिकारियों, कर्मियों और पेंशनधारियों ने देखा।
इस अवसर पर लखीसराय जिले के कुल 1,10,968 पेंशनधारियों के बैंक खातों में 12 करोड़ 74 लाख 35 हजार 600 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने पेंशनधारियों से राशि का सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का उद्देश्य जरूरतमंद लाभुकों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाए, जिन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, ताकि उन्हें भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जोड़ा जा सके।कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विश्वजीत प्रसाद, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक धीरज कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी और लाभार्थी उपस्थित थे।