बांदकपुर के पास चलती ट्रेन से 2 वर्षीय बेटी के साथ कूदे पति-पत्नी, एक मासूम ट्रेन में छूटी; गुना में मारपीट के डर से उठाया खौफनाक कदम
हादसे के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, दूसरी बच्ची को कटनी से लेकर दमोह पहुंची RPF पुलिस..
दमोह। गुना स्टेशन पर कुछ लोगों द्वारा कथित मारपीट किए जाने और जान से मारने के डर से एक परिवार ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया कि हर कोई हैरान रह गया। शनिवार सुबह करीब 6 बजे दमोह-कटनी रेलमार्ग पर बांदकपुर स्टेशन के पास दयोदय एक्सप्रेस से पति-पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर चलती ट्रेन से कूद गए। हादसे में दंपती और ढाई साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो साल की दूसरी बेटी ट्रेन में ही छूट गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, ट्रेन में अकेली छूटी बच्ची को सुरक्षित उतारने के लिए कटनी आरपीएफ को सूचना दी गई। सुबह करीब 8:30 बजे कटनी स्टेशन पर बच्ची को सुरक्षित उतार लिया गया।
घायलों की पहचान आरोन, जिला गुना निवासी भगीरथ आदिवासी (29), पत्नी सविता (22) और बेटी रितिका के रूप में हुई है। अस्पताल में भर्ती सविता ने बताया कि वह पति और दोनों बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित मायके से गुना पहुंचे थे। उन्हें आरोन जाना था, तभी स्टेशन पर कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए परिवार सामने खड़ी ट्रेन में बैठ गया।
सविता के मुताबिक, सफर के दौरान उन्हें वही लोग ट्रेन में दिखाई दिए। उन्हें लगा कि आरोपी जान से मार देंगे। इसी डर में बांदकपुर के पास उन्होंने बेटी को साथ लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान दूसरी बेटी ट्रेन में ही रह गई।
कटनी आरपीएफ की प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को लेकर दमोह पहुंचे। फिलहाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से बच्ची को उसके नाना-नानी के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है। घायलों ने आरोपियों को पहचानने से इनकार किया है। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Damoh, Damoh | Nov 14, 2026