शिक्षक की अनोखी पहल
==
गांव-गांव पहुंचकर नशा मुक्त परिवार और शिक्षित समाज बनाने की दे रहे प्रेरणा
==
कहते हैं कि शिक्षा वह आईना है जिसके सामने आते ही अशिक्षा एवं अज्ञानता रूपी अंधकार स्वतः ही दूर हो जाता है। बस उसे दिखाने वाला योग्य व्यक्ति होना चाहिए और इसी अशिक्षा एवं अज्ञानता रूपी अंधकार को दूर करने का काम एक शिक्षक द्वारा गांव-गांव पहुंचकर किया जा रहा है। हम बात कर रहे हैं शासकीय सांदीपनि विद्यालय जबेरा में पदस्थ शिक्षक अजय कुमार सिंघई की जो त्यौहार की छुट्टियां अपने परिवार के साथ मनाने की बजाय गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को नशा मुक्त बनने, शिक्षित बनने और संस्कारवान बनने की प्रेरणा दे रहे हैं।
अपने इस अभियान को लेकर शिक्षक श्री सिंघई जबेरा जनपद के ग्राम कोंरता, पिपरिया, डेलनखेड़ा, बिजौरा, कटंगी आदि पहुंचे। जहां उन्होंने ग्राम वासियों को नशा न करने की सीख देते हुए कहा कि आप किसी प्रकार का धूम्रपान या नशा करते हैं तो उसका प्रभाव बच्चों और परिवार पर पड़ता है और आगे चलकर इसके आदी हमारे बच्चे भी हो जाते हैं। इसलिए बच्चों को नशे से दूर रखने एवं नशा मुक्ति परिवार बनाने के लिए आप सभी को नशे से दूर रहना चाहिए।