इस अभियान का मूल संदेश संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी है - जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल
==
मानस भवन में आयोजित शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर किया गया निराकरण, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का दिलाया लाभ
==
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 82 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
==
मानस भवन में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में ऐसे लोगों की समस्याएं सुनी गईं, जिन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की पहल की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप जन विश्वास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद करती हैं, इस आशय की बात जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने मानस भवन में आयोजित जन विश्वास शिविर में आमजन को संबोधित करते हुए कही।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल ने कहा इन शिविरों के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता, बल्कि सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहते हैं और समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हैं।
उन्होंने कहा यदि लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेना है और अपने सपनों को साकार करना है, तो उन्हें घर की चारदीवारी से बाहर निकलना होगा। गर्भवती महिलाओं, किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्र लोगों को उनका लाभ उठाना चाहिए।
श्रीमती पटेल ने कहा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 7 अगस्त 2026 को छिंदवाड़ा से की गई थी। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनते हैं। जिले के सातों विकासखंडों में जन विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दमोह नगर पालिका द्वारा मानस भवन में शिविर का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा अब आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रही है। इस अभियान का मूल संदेश संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी है। शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को धैर्यपूर्वक सुनकर उसका समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास ऐसे लोगों को भी शासकीय योजनाओं की जानकारी दें, जिन्हें अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है या जिन्हें योजनाओं के बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा जनजागरूकता के माध्यम से ही अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।
कविता राय ने कहा जनविश्वास शिविर में अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई। सरकार द्वारा जनहित में योजनाएँ संचालित की जाती हैं, जिन्हें अधिकारियों द्वारा धरातल पर पहुँचाया जाता है, उन्होने कहा योजनाओं की जानकारी देना प्रशासन का कार्य है, किंतु उनका लाभ उठाना नागरिकों का मुख्य कर्तव्य है।
82 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 82 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया गया।
योजनावार हितलाभ वितरण की स्थिति इस प्रकार रही। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 15 हितग्राही, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत 7 हितग्राही, गृह ज्योति बिजली बिल योजना के अंतर्गत 03 हितग्राही, संबल योजना के अंतर्गत 10 हितग्राही, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) के अंतर्गत 20 हितग्राही तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 27 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुल 82 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।