स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित
भारतीय रिज़र्व बैंक, भोपाल द्वारा राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय, दमोह में विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम आयु से ही बचत, बजट निर्माण, सुरक्षित डिजिटल भुगतान और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भारतीय रिज़र्व बैंक, भोपाल के उप महाप्रबंधक विक्रम सिंह राजपूत शामिल हुए। उन्होनें विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी वित्तीय आदतें भविष्य को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी आय अथवा पॉकेट मनी का बजट बनाने, आवश्यक और अनावश्यक खर्च में अंतर समझने तथा नियमित बचत की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने चक्रवृद्धि ब्याज के लाभ को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए बताया कि छोटी बचत भी समय के साथ महत्वपूर्ण राशि बन सकती है।
उप महाप्रबंधक ने भारतीय बैंकनोटों के प्रमुख सुरक्षा चिह्नों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से केवल असली नोट स्वीकार करने तथा संदेह होने पर निकटतम बैंक शाखा से संपर्क करने की सलाह दी। डिजिटल भुगतान के विषय में उन्होंने सुरक्षित माध्यमों के उपयोग, भुगतान से पहले प्राप्तकर्ता की जानकारी जांचने और अनजान लिंक अथवा क्यू.आर कोड से सावधान रहने पर जोर दिया।
साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विद्यार्थियों को बताया गया कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक खाते की जानकारी किसी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। फर्जी कॉल, पुरस्कार, छात्रवृत्ति, केवाईसी अपडेट अथवा त्वरित धन लाभ के नाम पर आने वाले संदेशों और लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई। किसी भी संदिग्ध साइबर घटना की सूचना तत्काल अभिभावक, बैंक तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने का आग्रह किया गया।