कलेक्टर श्री सिसोनिया ने नकतरा और नानाखेड़ी में दुग्ध सहकारी समितियों का किया भ्रमण
पशुपालकों से संवाद कर दुग्ध उत्पादन, पशुपालन गतिविधियों एवं डेयरी प्रबंधन की ली जानकारी
--------
--------
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने शनिवार को ग्राम नकतरा में दुग्ध सहकारी समिति के सदस्यों एवं पशुपालकों से संवाद कर दुग्ध उत्पादन, पशुओं की संख्या और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भीमराव अंबेडकर योजना के हितग्राही पशुपालक श्री हेमन्त विश्वकर्मा से भी चर्चा की। श्री विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें योजना के तहत 42 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ है, जिसकी प्रथम किस्त के रूप में 19 लाख रुपए प्राप्त हुए हैं। इस राशि से उन्होंने पशु शेड का निर्माण कराने के साथ 9 भैंसें क्रय की हैं। वर्तमान में उनके यहां प्रतिदिन लगभग 80 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिसमें से 40 से 50 लीटर दूध दुग्ध सहकारी समिति को उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्राम नानाखेड़ी में भोपाल दुग्ध संघ के अंतर्गत संचालित दुग्ध सहकारी समिति का भ्रमण किया। उन्होंने डेयरी फार्म का अवलोकन कर पशुपालकों से चर्चा की तथा दूध उत्पादन, पशुओं के रखरखाव, पशुपालन प्रबंधन एवं दुग्ध गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालकों से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए अपनाई जा रही गतिविधियों और उनके अनुभवों के बारे में भी जाना।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने दुग्ध समितियों के कर्मचारियों को दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने, अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध सहकारी समितियों से जोड़ने तथा नवीन दुग्ध सहकारी समितियों के गठन के निर्देश दिए। साथ ही मिल्क रूट का विस्तार करने के लिए भी कहा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकाधिक पशुपालकों को दुग्ध संघ से जुड़कर पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के अवसर मिल सकें।
#Raisen CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh
Raisen, Madhya Pradesh | Nov 21, 2026