कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्राम लुलका में जैविक खेती का किया निरीक्षण
कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना अंतर्गत संचालित जैविक खेती गतिविधियों का लिया जायजा
स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर आजीविका गतिविधियों की ली जानकारी
----------
---------
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा शनिवार को औबेदुल्लागंज विकासखण्ड के ग्राम लुलका में कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना के माध्यम से जैविक खेती कर रहे कृषकों के खेतों और कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कलेक्टर द्वारा कृषक श्री करणसिंह पन्नालाल एवं कृषक श्रीमती सुनीता बाई के यहां जैविक खेती अंतर्गत लगाए गए चना फसल प्रदर्शन एवं सरसों फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया गया। उन्होंने कृषकों से जैविक खेती अपनाने, फसल उत्पादन की प्रक्रिया तथा खेती में अपनाई जा रही कृषि पद्धतियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्राम लुलका में जैविक कीटनाशक एवं उर्वरक तैयार कर रहे स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी संवाद किया। उन्होंने समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, उनकी निर्माण प्रक्रिया, उपयोग एवं विक्रय के बारे में जानकारी ली। साथ ही महिलाओं द्वारा संचालित अन्य आजीविका गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों और स्व-सहायता समूहों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
सुल्तानपुर में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने किसान श्री प्रदीप राठी के खेत का भ्रमण किया। उन्होंने खेत में लगाए गए अमरूद एवं नींबू के बगीचे का अवलोकन किया तथा किसान से फलों के उत्पादन, उनकी गुणवत्ता, विक्रय और उससे होने वाली आय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उद्यानिकी फसलों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि श्री केपी भगत एवं आत्मा परियोजना संचालक श्री रवि आमृवंशी द्वारा जैविक खेती के महत्व, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि में जैविक पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर एसडीएम श्री चंद्रशेखर श्रीवास्तव, उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री संजय मौर्य, पशुपालन विभाग से उपसंचालक डॉ. एसके कपूर भी उपस्थित रहे।
#Raisen CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department of Agriculture, Madhya Pradesh Department of Horticulture, Madhya Pradesh
2 views | Raisen, Madhya Pradesh | Nov 21, 2026