#बलरामपुर ! शिकायतकर्ताओं के लिए नई पहल: पावती पर्ची व्यवस्था शुरू, अब थाने और एसपी दफ्तर में मिलेगी रसीद...
#बलरामपुर। जनपद में पुलिस महकमे के पास अपनी फरियाद लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के लिए एक नई एवं सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशों पर जनपद के सभी थानों और एसपी कार्यालय में पावती/पर्ची व्यवस्था लागू कर दी गई है।
इस नई व्यवस्था के तहत एसपी कार्यालय या जनपद के किसी भी थाने में प्रार्थना-पत्र (लोक शिकायत) देने वाले आवेदक को तुरंत एक पावती/पर्ची सौंपी जाएगी। इस पर्ची पर निम्नलिखित विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज रहेंगे:
प्रार्थना-पत्र का क्रमांक
आवेदक/पीड़ित का नाम एवं पूरा पता
समस्या का संक्षिप्त विवरण
मामले की जांच कर रहे संबंधित अधिकारी का नाम एवं मोबाइल नंबर
पारदर्शिता और जवाबदेही होगी तय
पावती पर्ची व्यवस्था से अब फरियादियों को अपने प्रार्थना-पत्र पर हो रही कार्रवाई की अद्यतन स्थिति (अपडेट) आसानी से मिल सकेगी। इसके साथ ही, जांच अधिकारी की सीधी जवाबदेही तय होगी, जिससे मामलों के निस्तारण में लेट-लतीफी पर अंकुश लगेगा।
पहले ही दिन आवेदकों ने जताई खुशी
व्यवस्था लागू होने के प्रथम दिवस पर ही एसपी कार्यालय पहुंचे शिकायतकर्ताओं को मौके पर पावती पर्ची दी गई। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर की इस जनहितैषी पहल का आगंतुकों ने स्वागत किया और पुलिस प्रशासन की इस पारदर्शी कार्यशैली की जमकर सराहना की।
#balrampur #balrampurpolice #spbalrampur #BalrampurPolice