#Balrampur ! #डिजिटल_जनगणना_2027: 1 दिसंबर से शुरू होगा फील्ड वर्क, अफसरों को दिया गया प्रशिक्षण...
#बलरामपुर:
#जनगणना_2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
5100 प्रगणना ब्लॉकों में मोबाइल ऐप से होगा डाटा संकलन
बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश में द्वितीय चरण का फील्ड वर्क 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। बलरामपुर जनपद में इसके लिए लगभग 5,100 प्रगणना ब्लॉक (EB) बनाए गए हैं। इस बार जनगणना पूरी तरह से डिजिटल होगी और प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के जरिए डाटा दर्ज करेंगे।
नागरिकों को 16 से 30 दिसंबर तक मिलेगा 'स्व-गणना' का विकल्प
इस बार आम नागरिकों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी जा रही है। नागरिक 16 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 के बीच निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
लापरवाही पर मिलेगी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में शुद्धता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय लखनऊ के प्रतिनिधियों द्वारा अधिकारियों को डिजिटल प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गईं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सभी एसडीएम, तहसीलदार और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur #jangarna2027