जिला स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन
..
जिला स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन, संभाग स्तर के लिए खिलाड़ी चयनित
..
स्थानीय जिला खेल परिसर में स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण एवं भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सातों विकासखंडों विदिशा, सिरोंज, गंजबासौदा, कुरवाई, लटेरी, नटेरन एवं ग्यारसपुर से लगभग 223 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पूरी ऊर्जा और खेल भावना के साथ हिस्सा लेते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा। समापन अवसर पर सर्वेश व्यास, अंबेश सोनी, कृपा शंकर पंथी, माध्यमिक खेल शिक्षक पंकज भार्गव, मनीष अहिरवार एवं अखंड सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में विजय शर्मा, गोपाल कुशवाहा, लक्ष्मी नारायण, बालमुकुंद कुशवाहा, राखी यादव, जयदेव भलावी एवं रूपेश अहिरवार ने रेफरी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी करेंगे संभाग स्तर पर प्रतिनिधित्व
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रशांत रघुवंशी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित खिलाड़ी आगामी 11 एवं 12 सितंबर 2026 को टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विदिशा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों से संभाग स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं निमिषा -
विदिशा जिले में एथलेटिक्स के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिले की खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। नवांकुर विद्यापीठ, गंजबासौदा की खिलाड़ी निमिषा तिवारी ने हैमर थ्रो स्पर्धा में हरियाणा के भिवानी में आयोजित राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर विदिशा जिले का नाम रोशन किया था। निमिषा की उपलब्धि जिले के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए खेल प्रेमियों और आयोजकों को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी आने वाले समय में संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विदिशा का गौरव बढ़ाएंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी अब आगामी प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटेंगे। #Vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026