संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण किया
..
स्थायी अभिलेखागार, डिजिटाइजेशन और दस्तावेज पंजीयन की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
..
भोपाल संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज वरिष्ठ जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय विदिशा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री शर्मा ने कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। संभागायुक्त ने कार्यालय के स्थायी अभिलेखागार का निरीक्षण कर पुराने एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव तथा उनके व्यवस्थित संधारण की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों की सुरक्षा एवं आवश्यकता के अनुरूप उनके डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण अभिलेखों का डिजिटाइजेशन व्यवस्थित एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि भविष्य में अभिलेखों को आसानी से उपलब्ध कराया जा सके और उनके संरक्षण को भी सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कार्यालय में चल रहे दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आमजन द्वारा कराए जाने वाले दस्तावेज पंजीयन की प्रक्रिया का अवलोकन किया और पंजीयन कार्य से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दस्तावेज पंजीयन के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री शर्मा ने न्यायालय कलेक्टर ऑफ स्टाम्प में संचालित कार्यप्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रकरणों के निराकरण, वर्तमान स्थिति, कार्य के दौरान सामने आने वाली समस्याओं तथा उनके आवश्यक समाधान के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने लंबित कार्यों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ जिला पंजीयक विदिशा द्वारा कार्यालय को आवंटित वार्षिक राजस्व लक्ष्य 190 करोड़ रुपये तथा अब तक अर्जित 87.62 करोड़ रुपये के राजस्व की जानकारी संभागायुक्त एवं कलेक्टर को दी गई। अधिकारियों ने राजस्व प्राप्ति से संबंधित प्रगति एवं विभागीय कार्यों की स्थिति से भी अवगत कराया।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में पारदर्शिता, अभिलेखों के बेहतर संधारण, डिजिटाइजेशन में तेजी तथा आमजन को सुगम एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। #Vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026