कृष्ण की आभा से आंगनबाड़ियों में छाई कृष्णमय छटा
..
जन्माष्टमी पर नन्हे-मुन्नों ने कृष्ण वेशभूषा में सजकर मनाया पर्व, 9540 बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
..
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिले की आंगनबाड़ियों में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर जन्माष्टमी पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। कहीं बच्चे कान्हा के रूप में बांसुरी बजाते नजर आए तो कहीं सिर पर मोर मुकुट और पीतांबर धारण किए बाल स्वरूप में आकर्षण का केंद्र बने।
जिले में जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण वेशभूषा कार्यक्रम का आयोजन व्यापक स्तर पर किया गया। जिले की कुल 09 परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित 2385 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 2140 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कृष्ण वेशभूषा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन केंद्रों में 9540 बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में शामिल होकर पर्व की खुशियां मनाईं।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और जन्माष्टमी पर्व के महत्व की जानकारी भी दी गई। बच्चों ने कृष्ण भजनों एवं गीतों के बीच उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे केंद्रों पर उत्सव जैसा वातावरण नजर आया।
2140 केंद्रों की गतिविधियों का किया गया दस्तावेजीकरण -
जिले में आयोजित कृष्ण वेशभूषा कार्यक्रम की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से दर्ज किया गया। 2140 आंगनबाड़ी केंद्रों से कार्यक्रम की 2140 फोटो संकलित की गई हैं। इससे जिलेभर में आयोजित गतिविधियों की व्यापकता और बच्चों की सहभागिता का सहज रूप से अवलोकन किया जा सकता है। जिले में जन्माष्टमी के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित इन गतिविधियों ने बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें उत्साह, रचनात्मकता और सहभागिता की भावना को भी बढ़ावा दिया। नन्हे कान्हाओं से सजे आंगनबाड़ी केंद्र पूरे जिले में कृष्णमय और आभामय नजर आए। #Vidisha
31 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 5, 2026