इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-28 के प्रचार-प्रसार हेतु वर्कशॉप आयोजित
..
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) विदिशा में दिनांक 3 सितंबर 2026 को इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-28 के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
वर्कशॉप में शासकीय नवीन कॉलेज, विदिशा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंडिया स्किल प्रतियोगिता के उद्देश्य, विभिन्न कौशल विधाओं, पंजीयन प्रक्रिया, चयन प्रक्रिया तथा प्रतियोगिता के माध्यम से मिलने वाले अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-28 में कुल 63 विभिन्न स्किल में अभ्यर्थी पंजीयन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुसार संबंधित स्किल का चयन कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित है। अभ्यर्थी सरल पंजीकरण के लिए https://www.skillindiadigital.gov.in पर पंजीयन कर सकते हैं। अथवा SIDH ऐप के द्वारा भी पंजीयन कर सकते है।
वर्कशॉप में बताया गया कि इंडिया स्किल प्रतियोगिता युवाओं को अपने तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल का प्रदर्शन करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने कौशल को निखारने तथा विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है।
प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें उपलब्ध 63 विभिन्न स्किल एवं पंजीयन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में कौशल विकास, तकनीकी दक्षता, रोजगार एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
शासकीय आईटीआई विदिशा द्वारा सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई कि वे 15 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पूर्व इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-28 के लिए अपना पंजीयन अवश्य कराएं और अपनी प्रतिभा एवं कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करें। #Vidisha
56 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026