शासकीय आईटीआई विदिशा ने पहली बार हासिल किया 100 प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य
..
ग्यारसपुर और कुरवाई की नवीन आईटीआई भी शत-प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य पर पहुंचीं
..
विदिशा जिले में कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शासकीय आईटीआई विदिशा ने पिछले 10 वर्षों में पहली बार 100 प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य हासिल किया है। इस उपलब्धि को जिले में युवाओं के बीच तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा के प्रति बढ़ते आकर्षण और विश्वास का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
इस सफलता की खास बात यह है कि जिले की नवीन शासकीय आईटीआई ग्यारसपुर एवं कुरवाई ने भी अपने निर्धारित 100 प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य को प्राप्त किया है। वर्तमान में जिले की 7 शासकीय आईटीआई में युवाओं के लिए विभिन्न रोजगारपरक व्यवसायों की कुल 1268 सीटें संचालित हैं। इन संस्थानों के माध्यम से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।
‘कौशल की पढ़ाई, चलो आईटीआई’ अभियान का असर -
नोडल प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी ने बताया कि युवाओं को आईटीआई में उपलब्ध रोजगारपरक प्रशिक्षण और विभिन्न व्यवसायों की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक युवाओं को कौशल शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘कौशल की पढ़ाई, चलो आईटीआई’ अभियान के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं संपर्क गतिविधियां संचालित की गईं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कौशल का युग है। केवल पारंपरिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आईटीआई युवाओं को हुनर, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रही है।
प्रवेश टीम की मेहनत बनी सफलता का आधार -
नोडल प्राचार्या ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय प्रवेश टीम को देते हुए बताया कि नोडल प्रवेश प्रभारी श्री आलोक रावत एवं श्रीमती इंदु सेन द्वारा प्रवेश प्रक्रिया के लिए प्रभावी एवं सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की गई। इसके बाद योजना का निरंतर क्रियान्वयन करते हुए संभावित अभ्यर्थियों तक पहुंच बनाने और उन्हें आईटीआई में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देने के लिए लगातार प्रयास किए गए।
प्रवेश टीम ने अवकाश दिवसों में भी उपस्थित रहकर कार्य किया और प्रत्येक संभावित अभ्यर्थी से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया। युवाओं और उनके अभिभावकों को आईटीआई में संचालित विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षण एवं भविष्य में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई।
युवाओं के बढ़ते कौशल विश्वास की कहानी -
शासकीय आईटीआई विदिशा का 100 प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य हासिल करना जिले के लिए केवल एक प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि युवाओं में कौशल आधारित शिक्षा के प्रति बढ़ते भरोसे को भी दर्शाता है। वहीं ग्यारसपुर और कुरवाई की नवीन आईटीआई द्वारा भी शत-प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य हासिल करना जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के बीच तकनीकी शिक्षा की बढ़ती स्वीकार्यता को रेखांकित करता है।
इस उपलब्धि से जिले में कौशल विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। 100 प्रतिशत प्रवेश की यह सफलता विदिशा के युवाओं के बढ़ते कौशल-विश्वास, रोजगारपरक शिक्षा के प्रति उनकी रुचि और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में बढ़ते कदमों की कहानी है। #Vidisha
2 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026