🚨मुख्यमंत्री आवास में प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में सजा सांस्कृतिक रंग, CM धामी ने दिया रात्रिभोज
मुख्यमंत्री बोले- प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव, उनके अनुभव और प्रतिभा से विकास को मिलेगी नई गति
नंदा राजजात की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन, लोकगीतों और लोकनृत्यों से जीवंत हुई देवभूमि की संस्कृति
देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनसे संवाद किया और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा और कार्यों से उत्तराखण्ड का नाम रोशन करने के साथ ही यहां की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत के संवाहक भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज के अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी अगली पीढ़ी को मातृभूमि की भाषा, बोली, लोकगीतों और परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों और पैतृक गांवों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने में मददगार साबित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों ने देवभूमि की सांस्कृतिक छटा बिखेरी। वहीं मां नंदा देवी और नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रस्तुति के जरिए उत्तराखण्ड की धार्मिक आस्था, लोकविश्वास और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर चित्रण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं उत्तराखण्ड की आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। राज्य सरकार प्रदेश की लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे प्रदेश के साथ अपना जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
#PushkarSinghDhami #PravasiUttarakhandi #Uttarakhand #NandaRajJat #newsmafiya #HimaniShivpuri #celebrity #celebritynews #InternationalHockey #CM #DevbhoomiUttarakhand