दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीएम-एसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
जहानाबाद : दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को ग्राम प्लेक्स भवन, जहानाबाद में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, समाज के प्रबुद्धजनों और संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पूजा पंडालों की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को दुर्गापूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों और आम लोगों से भी पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।