अपर मुख्य सचिव श्री सचिन सिन्हा ने किया ग्रामीण नल-जल एवं समूह जल प्रदाय योजनाओं का निरीक्षण
-
निर्माण कार्यों की प्रगति, जल स्रोतों की निरंतरता एवं जल वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
-
मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED) के अपर मुख्य सचिव श्री सचिन सिन्हा ने टीकमगढ़ जिले के भ्रमण के दौरान विभिन्न ग्रामीण नल-जल योजनाओं एवं समूह जल प्रदाय योजनाओं के निर्माण और संचालन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान अपर मुख्य सचिव श्री सिन्हा ने विकासखंड टीकमगढ़ के ग्राम बड़माड़ई, रिगौरा एवं मोहनपुरा तथा विकासखंड जतारा के ग्राम मुहारा एवं किटा खेरा में संचालित एकल ग्राम नल-जल योजनाओं की प्रगति एवं जल वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही विकासखंड बल्देवगढ़ के ग्राम राजनगर एवं डुम्बार में प्रगतिरत बान सुजारा समूह जल प्रदाय योजना के विभिन्न घटकों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल स्रोतों की निरंतरता, जलापूर्ति के दबाव तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं सुचारू जल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड टीकमगढ़ के कार्यपालन यंत्री, मध्यप्रदेश जल निगम के महाप्रबंधक, संबंधित सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#Tikamgarh
19 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026