जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
---
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर एएसपी श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, टीकमगढ़ एसडीएम श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री सौरभ रत्नाकर, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री कैलाश पटेल सहित संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्व बैठक के कार्यवाही विवरण की समीक्षा करते हुए जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सुगम परिवहन सेवा तथा आवश्यक अधोसंरचना के विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अपर कलेक्टर श्री मंडराह ने जिले में ट्रांसपोर्ट नगर के विकास के संबंध में नगर पालिका एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यातायात को सुगम बनाने हेतु मोहनगढ़ मार्ग, रेलवे पुल के समीप रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को एप्रोच मार्गों की स्थिति सुधारने और आवश्यक स्थानों पर सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
बैठक में जानकारी देते हुये बताया गया कि शहर में ऑटो स्टैंड के लिए स्थानों को चिह्नित कर मार्किंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री के संकेतक, सागर बायपास पर प्रकाश व्यवस्था एवं रोड मार्किंग, हनुमान चालीसा मंदिर से पुरानी टेहरी मार्ग की पुलिया पर रेलिंग निर्माण, प्रमुख मार्गों पर साइन बोर्ड, कैट-आई, सोलर स्टड, रंबल स्ट्रिप्स और स्पीड ब्रेकर लगाने पर भी विचार किया गया। साथ ही प्रमुख मार्गों के मीडियन डिवाइडर पर अनावश्यक कट स्थायी रूप से बंद करने तथा पैदल वालों के लिये कट प्वाइंट के प्रस्तावों, जिले में चिह्नित 19 ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा संबंधी उपायों के संबंध में चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिये गये।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
25 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026