*बस्ती में शिक्षकों का विशाल धरना, 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा*
*जनपद बस्ती, 18 नवम्बर 2026, बुधवार।*
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद-बस्ती के बैनर तले बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया गया।
धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद सिंह और संचालन जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने किया। शिक्षकों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बस्ती के माध्यम से सौंपा।
धरने में बड़ी संख्या में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
*शिक्षकों की प्रमुख 12 मांगें -*
*1. पुरानी पेंशन बहाली -* 01 अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए नई पेंशन प्रणाली समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए। 2005 से पूर्व चयनित पर बाद में नियुक्त शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए।
*2. TET से मुक्ति -* सुप्रीम कोर्ट के आदेश दिनांक 01 सितम्बर 2025 के बाद सेवा में बने रहने के लिए TET अनिवार्य कर दिया गया है। संघ ने कहा कि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षक निर्धारित अर्हता लेकर नियुक्त हुए थे, इसलिए इस निर्णय पर पूर्वगामी प्रभाव समाप्त करने के लिए कानून बनाया जाए।
*3. STF जांच पर रोक -* सभी शिक्षकों के शैक्षिक व प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों की STF से जांच कराने के आदेश पर रोक लगाई जाए। संघ का कहना है कि नियुक्ति के समय ही बहुस्तरीय सत्यापन हो चुका है, सिर्फ शिकायत वाले मामलों में ही जांच हो।
*4. प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति -* सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति की जाए।
*5. पदोन्नति में TET छूट -* गैर TET उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति भी सुनिश्चित की जाए, जैसे प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती में 30 जून 2027 तक TET का प्रमाण पत्र देने की छूट दी गई है।
*6. ब्रिज कोर्स परीक्षा छूट -* वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स की परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत उत्तीर्णांक की सीमा समाप्त की जाए, क्योंकि उनका चयन पहले ही मेरिट के आधार पर हुआ था।
*7. लम्बित स्थानान्तरण सूची -* विशेष श्रेणी के अन्तर्गत अन्तर्जनपदीय स्थानान्तरण हेतु लिए गए आवेदन अभी तक लम्बित हैं, तिथि के अनुसार स्थानान्तरण सूची शीघ्र जारी की जाए।
*8. प्रोन्नत वेतनमान -* माध्यमिक शिक्षकों की भांति 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले सभी बेसिक शिक्षकों को चयन वेतनमान, और बी.एड. व TET की योग्यता रखने वालों को प्रोन्नत वेतनमान दिया जाए।
*9. मृतक आश्रितों को नियुक्ति -* मृतक बेसिक शिक्षकों के आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
*10. चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नियुक्ति -* प्रत्येक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी / सफाई कर्मचारी / चौकीदार की नियुक्ति की जाए।
*11. शीतकालीन अवकाश में तबादले -* अन्तर्जनपदीय, अन्तःजनपदीय व पारस्परिक स्थानान्तरण हेतु आवेदन लेकर आगामी शीतकालीन अवकाश में स्थानान्तरण प्रक्रिया पूरी की जाए।
*12. द्वितीय शनिवार व उपार्जित अवकाश -* परिषदीय शिक्षकों को भी द्वितीय शनिवार एवं उपार्जित अवकाश अनुमन्य किया जाए।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद सिंह ने कहा कि शिक्षक लगातार अपनी मांगों को लेकर सरकार को अवगत कराते रहे हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। कैशलेस चिकित्सा की व्यवस्था के लिए संघ सरकार का स्वागत करता है, पर अन्य मांगें भी जल्द पूरी होनी चाहिए।
जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने कहा कि अगर मांगों का शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो संघ आगे और बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 19, 2026