*बस्ती: GIC में जिला स्तरीय निबंध व क्विज प्रतियोगिता, युवा मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति किया जागरूक*
*जनपद बस्ती, 18 नवम्बर 2026*
भावी एवं युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मतदाता साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में जनपद स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं को मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के महत्व से परिचित कराना है।
प्रतियोगिताओं में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतंत्र एवं मतदाता जागरूकता से जुड़े अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से निर्वाचन संबंधी ज्ञान एवं जागरूकता का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती, डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में जागरूक मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए तथा भविष्य में निष्पक्ष, निर्भीक एवं अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए स्वयं के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी करती हैं।
इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में उदयभान सिंह, राम चन्द्र यादव एवं डॉ. शिवाशुतोष मिश्र ने अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में अजय प्रकाश लाल श्रीवास्तव, अमित कुमार यादव, बलवंत पटेल, राहुल तिलौलिया ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में दोनों प्रतियोगिताओं के कुल 10-10 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 19, 2026