दिनांक 02 नवंबर, 2026 को दोपहर लगभग 12:10 बजे गोबरसही-डुमरी सड़क पर नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने एवं विस्फोट की घटना हुई। जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया गया।अधिकारीद्वय ने माननीय जन प्रतिनिधियों तथा स्थानीय निवासियों से भी संपर्क स्थापित किया एवं प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, आइओसीएल इत्यादि की टीम स्पॉट पर मौजूद है तथा एसओपी के अनुसार लोगों की सहायता के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई कर रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को राहत एवं बचाव कार्यों का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है। प्राप्त सूचना के अनुसार इस घटना में 1 व्यक्ति की मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल 2 लोगों का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। 2 अन्य घायल व्यक्तियों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। सिविल सर्जन एवं चिकित्सकों को घायल लोगों के उपचार पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया है। घटना में कुछ मकानों की भी क्षति हुई है। इस सबका आकलन किया जा रहा है।सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप मृतक व्यक्ति के नजदीकी परिजन एवं घायलों तथा क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों को सहायता प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक सूचना के अनुसार पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दरम्यान गैस पाइपलाइन फटने से यह घटना हो गई। गैस पाइपलाइन में लीकेज के कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा कि इस घटना की जिला प्रशासन द्वारा उच्च-स्तरीय जांच कराई जाएगी। अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में त्रि-सदस्यीय इंक्वायरी कमिटी गठित की गई है। इसमें अनुमंडल पदाधिकारी, मुजफ्फर पूर्वी एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी को भी शामिल किया गया है। समिति को 24 घंटा के अंदर विधिवत जाँच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर अधिकारियों के विरुद्ध जिम्मेदारी निर्धारित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसओपी तैयार किया जाएगा जिसका दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
मुजफ्फरपुर पुलिस