एनडीए की शक्ति प्रदर्शन, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब
**पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह के नेतृत्व में निकली पदयात्रा, गांधी स्मारक पर गांधी जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण**
**मुजफ्फरपुर, 2 नवंबर।** भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी आह्वान पर सोमवार को मुजफ्फरपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एनडीए की ओर से विशाल जनसभा और पदयात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिला इकाई एवं एनडीए के घटक दलों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे आयोजन में एनडीए नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और सामाजिक एकता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राधामोहन सिंह ने किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद, बिहार सरकार की मंत्री रमा निषाद और श्वेता गुप्ता समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में आयोजित विशाल जनसभा से हुई। सभा की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार ने की, जबकि संचालन भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि जो घुसपैठियों का यार है, वह देश का गद्दार है। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाएं मजबूत हैं, लेकिन विपक्ष अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए लगातार इन संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। संसद से सड़क तक अस्थिरता और अराजकता पैदा करने की कोशिशों का जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद तथा बिहार सरकार की मंत्री रमा निषाद और श्वेता गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन और विकास की सरकार काम कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता से घबराकर विपक्षी गठबंधन जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
जनसभा के बाद एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर पदयात्रा में शामिल हुआ। पदयात्रा मुजफ्फरपुर क्लब मैदान से शुरू होकर कंपनी बाग और टावर चौक होते हुए छाता बाजार स्थित गांधी स्मारक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे।
गांधी स्मारक पहुंचने पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव, शांति और भाईचारे की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजू सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा, पूर्व सांसद अजय निषाद, विधान पार्षद डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह, नगर विधायक रंजन कुमार, बरूराज विधायक अरुण सिंह, बोचहां विधायक बेबी कुमारी, प्रदेश बीस सूत्री सदस्य डॉ. राजेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, प्रदेश महामंत्री धर्मराज शर्मा, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, कुलभूषण, रागिनी रानी, राष्ट्रीय महिला मोर्चा की सदस्य ममता रानी, जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव, पश्चिमी प्रभारी दिनकर पंडित, महापौर निर्मला साहू और उपमहापौर मोनालिसा समेत कई नेता शामिल हुए।
संगठन की ओर से भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, जदयू जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार, हम जिलाध्यक्ष संजर आलम और महानगर जदयू अध्यक्ष अरुण पटेल ने कार्यक्रम की कमान संभाली।
कार्यक्रम में भाजपा और एनडीए के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और विभिन्न अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी रही। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दिवाकर शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, टोले, पंचायत और शहरी वार्ड तक पहुंचाया फ़जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को अभियान के संदेश से जोड़ा जाएगा।
हजारों लोगों की भागीदारी और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच संपन्न इस आयोजन को एनडीए की सांगठनिक एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में देखा गया।