मुजफ्फरपुर में तीन बड़ी रेलवे परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, भू-अर्जन में तेजी लाने का निर्देश
**मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर-सुगौली दोहरी रेल लाइन और छपरा-मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन की प्रगति का लिया जायजा, 53.70 करोड़ में 40.21 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित**
**मुजफ्फरपुर, 2 नवंबर।** मुजफ्फरपुर जिले में रेलवे की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने के लिए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने और परियोजनाओं के रास्ते में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी दोहरी रेल लाइन, मुजफ्फरपुर-सुगौली दोहरी रेल लाइन और छपरा-मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन परियोजना की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने तीनों परियोजनाओं से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुजफ्फरपुर-सुगौली दोहरी रेल लाइन परियोजना के लिए कुल 39.83 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है। इसमें से 38.04 एकड़ भूमि पर दखल-कब्जा की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। परियोजना के लिए अब तक 53.70 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिसमें से 40.21 करोड़ रुपये संबंधित रैयतों को मुआवजे के रूप में वितरित किए जा चुके हैं।
मोतीपुर से संबंधित पंचाट को प्राधिकार न्यायालय में हस्तांतरित किया गया है। वहीं, महवल मौजा में भू-धारकों द्वारा मुआवजा नहीं लेने के कारण लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शेष मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जारी है।
मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी दोहरी रेल लाइन परियोजना के तहत कुल 9.42 एकड़ भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है। इसके लिए 18 सितंबर 2026 को अधियाचना प्राप्त हुई थी, जबकि 5 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी की गई। परियोजना में छपरा मुबारक, झपहां, शाहपुर मुतालुके अहियापुर और धरहरवा उर्फ परिधरहरवा मौजा शामिल हैं। अधिसूचना के प्रकाशन के 60 दिन बाद धारा 20डी के तहत अधिघोषणा प्रकाशित की जाएगी।
छपरा-मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन परियोजना के लिए कुल 138.34 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के उप मुख्य अभियंता से प्राप्त अधियाचना के आधार पर सात मौजों में पंचाट घोषणा तक की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, सात मौजों में अधिघोषणा के प्रकाशन तक की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि तीनों रेलवे परियोजनाओं में अच्छी प्रगति हुई है। जिला प्रशासन की ओर से रेलवे को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष रुचि लेकर परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली छोटी-मोटी समस्याओं का तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि वे स्वयं भी परियोजना स्थलों का नियमित भ्रमण कर कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को रेलवे के पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजनाओं से जुड़े अधिकारी और कार्यकारी एजेंसियां गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार योजनाओं का तत्परता से क्रियान्वयन करें। हितबद्ध रैयतों, आम जनता और कार्यकारी एजेंसियों को विश्वास में लेकर विकास योजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया जाए।