*गैस पाइपलाइन विस्फोट में एक की मौत, चार घायल; उच्चस्तरीय जांच के आदेश*
*
*गोबरसही-डुमरी सड़क पर नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन,*
*24 घंटे में जांच रिपोर्ट सौंपेगी तीन सदस्यीय कमेटी*
मुजफ्फरपुर। शहर के गोबरसही-डुमरी सड़क पर सोमवार दोपहर करीब 12:10 बजे गैस पाइपलाइन में लीकेज के बाद हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे में कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ और आईओसीएल की टीमें मौजूद हैं। सभी टीमें निर्धारित एसओपी के तहत राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एसडीओ और एसडीपीओ को राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है, जबकि दो अन्य घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल सर्जन और चिकित्सकों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पथ निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस रिसाव के कारण विस्फोट हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। इसमें एसडीओ पूर्वी और जिला अग्निशमन पदाधिकारी को सदस्य बनाया गया है। कमेटी को 24 घंटे के अंदर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनकी जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतक के निकटतम परिजन, घायलों और क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता दी जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एसओपी तैयार कर उसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।