हरदोई विधानसभा से समाज सेवा विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने ठोकी दावेदारी
कार्यकर्ता मिलन संवाद यात्रा के तहत गांवों का किया दौरा, बोले- सत्ता नहीं व्यवस्था परिवर्तन के लिए चुनाव मैदान में
हरदोई। समाज सेवा विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 156 हरदोई विधानसभा क्षेत्र से अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि पार्टी सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतर रही है।
गुरुवार को पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं से मिलन एवं संवाद कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ ने जिलाध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, अंकित भदौरिया, अभिषेक श्रीवास्तव और ऋषि तिवारी के साथ इटौरिया, गंगोली, भुड़िया और दौली गांवों का दौरा किया।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर संवाद किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और व्यवस्था परिवर्तन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पार्टी की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की कार्यकर्ता मिलन संवाद यात्रा लगातार जारी है और आने वाले दिनों में हरदोई विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों में भी कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से संवाद किया जाएगा।