#बलरामपुर ! 12 फीट के अजगर से भंगहा गांव में मचा हड़कंप...
वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू, प्राकृतिक आवास में छोड़ा...
#बलरामपुर। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बरहवा रेंज अंतर्गत लौकी बीट के भंगहा गांव में शनिवार शाम करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। विशालकाय अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ लोग उसके साथ तस्वीर खिंचवाने को भी उत्सुक दिखे।
ग्रामीणों की सूचना पर रेंजर बृजेश सिंह परमार के नेतृत्व में वन्यजीव रक्षक अमर कुमार मिश्रा और बृजमोहन रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने ग्रामीणों की मदद से अजगर को सुरक्षित पकड़ा। उसे उठाने और निर्धारित स्थान तक पहुंचाने में पांच लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अजगर को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
इस दौरान ग्रामीण विकास, रमेश कुमार, विजय, कृष्ण कुमार और सहजराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेंजर बृजेश सिंह परमार ने ग्रामीणों से अपील की कि अजगर या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें। उन्हें पकड़ने, छूने या तस्वीर खिंचवाने के लिए पास जाना खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में खुद रेस्क्यू करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
#balrampur