#Balrampur ! भंगहा गांव में निकला 12 फीट लंबा विशाल अजगर, देखने और सेल्फी लेने उमड़ी भीड़...
वन विभाग की टीम ने पांच लोगों की मदद से किया रेस्क्यू, सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा...
#बलरामपुर। सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बरहवा रेंज अंतर्गत लौकी बीट के भंगहा गांव में शनिवार शाम करीब 12 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अचानक गांव में इतने बड़े अजगर को देखकर लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते उसे देखने वालों की भीड़ जुट गई। कुछ लोग जहां अजगर को करीब से देखने के लिए उत्सुक थे, वहीं कई लोग उसके साथ तस्वीर खिंचवाने की होड़ में जुट गए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना बरहवा रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार को दी। सूचना मिलते ही रेंजर के नेतृत्व में वन्यजीव रक्षक अमर कुमार मिश्रा और बृजमोहन समेत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने करीब आधा दर्जन लोगों की मदद से अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेस्क्यू किया। विशालकाय अजगर को उठाने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में पांच लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
ग्रामीण विकास, रमेश कुमार, विजय, कृष्ण कुमार और सहजराम आदि ने बताया कि गांव में अचानक इतना बड़ा अजगर दिखाई देने से लोग पहले सहम गए थे, लेकिन बाद में उसे देखने के लिए भीड़ जुट गई। अजगर के साथ तस्वीर खिंचवाने को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह रहा।
अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस दौरान रेंजर बृजेश सिंह परमार ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि अजगर या किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उसे पकड़ने, छूने या उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए नजदीक जाना खतरनाक हो सकता है। वन विभाग की टीम ने भी लोगों से अपील की कि वन्यजीव दिखाई देने पर खुद रेस्क्यू करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।