#Balrampur ! बहू-बेटी सम्मेलनों में गूंजा महिला सुरक्षा का संदेश, पुलिस ने बताए अधिकार और हेल्पलाइन नंबर...
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गांवों और कस्बों में आयोजन, दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक...
#बलरामपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर बलरामपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया। रविवार को सभी थाना क्षेत्रों के गांवों और कस्बों में मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीमों ने बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी एएसपी विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं, बालिकाओं, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित समाजसेवियों ने भाग लिया। महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए पहल की।
सम्मेलनों में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर जागरूक किया गया। महिलाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के तरीके भी बताए गए। साथ ही वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 समेत अन्य जरूरी नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने शासन की कल्याणकारी योजनाओं और थानों में स्थापित मिशन शक्ति व परिवार परामर्श केंद्रों की कार्यप्रणाली समझाते हुए पंपलेट वितरित किए। नशा मुक्ति अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्परिणाम बताए गए, वहीं पुरुषों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
बलरामपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
#balrampurpolice