राज्य स्तरीय युवा उत्सव की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा,
जहानाबाद:राज्य स्तरीय युवा उत्सव के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए
अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।डीएम ने चयनित आवासन स्थलों की संयुक्त रूप से दोबारा जांच कराने का निर्देश दिया। इसके लिए उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला नजारत उप समाहर्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने आवासन स्थलों पर जरूरी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उत्सव के बेहतर संचालन के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन करने का निर्देश भी दिया गया। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने को कहा।उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव का सफल और सुव्यवस्थित आयोजन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।बैठक में डीडीसी आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला परियोजना पदाधिकारी सहित भवन प्रमंडल एवं लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।