मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी सख्त, गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों पर निगरानी का निर्देश
जहानाबाद: पुलिस केंद्र में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान एसपी ने गंभीर कांडों का त्वरित निष्पादन करने, लंबित वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने रोको-टोको अभियान को प्रभावी बनाने के साथ सूखा नशा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन चबूतरा के तहत सघन छापेमारी करने को कहा। शराब एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा जेल से छूटे अपराधियों का भौतिक सत्यापन कर उन पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।
एसपी ने रात्रि गश्ती, सुपर पेट्रोलिंग और सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।