राज्य स्तरीय युवा उत्सव की तैयारी तेज, आवासन स्थलों की होगी संयुक्त जांच
जहानाबाद में राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने चयनित आवासन स्थलों की दोबारा संयुक्त जांच कराने का निर्देश दिया। इसके लिए उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी और जिला नजारत उप समाहर्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों को आवासन स्थलों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
युवा उत्सव के सफल संचालन के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन किया जाएगा। इस संबंध में जिला गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसीसमन्वय के साथ काम करने और निर्धारित जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव का सफल और सुव्यवस्थित आयोजन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला परियोजना पदाधिकारी (गंगा समिति), भवन प्रमंडल एवं लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।