लायनेस क्लब ने सेव लाइफ कमीशन के सहयोग से लगाया रक्तदान शिविर, 60 यूनिट रक्त एकत्रित करने का रखा लक्ष्य
शिमला। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लायनेस क्लब ने सेव लाइफ कमीशन के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में क्लब के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर लायनेस क्लब की अध्यक्ष गीता कुठियाला ने बताया कि क्लब की ओर से हर वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। संस्था का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक रक्त एकत्रित करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है और इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।
गीता कुठियाला ने बताया कि रक्तदान शिविर के अलावा लायनेस क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। संस्था मुख्य रूप से गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता करती है। सर्दियों में जरूरतमंद परिवारों को कंबल उपलब्ध करवाना, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करना और अन्य आवश्यकताओं के लिए मदद पहुंचाना क्लब की प्रमुख गतिविधियों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि आज के शिविर में क्लब की ओर से 60 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे रक्तदान जैसे नेक कार्यों में आगे आएं और समाज सेवा में अपना योगदान दें।