हरदोई में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम राहुल पाण्डेय ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
हरदोई। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 17, 2026