हरदोई में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान, 452 बूथों पर तैनात रहे बीएलओ
हरदोई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को हरदोई विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश तथा जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभियान के दौरान विधानसभा क्षेत्र के 452 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए।
उपजिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), 156 हरदोई विधानसभा क्षेत्र ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए 43 सुपरवाइजर तैनात किए गए थे। सुपरवाइजरों ने अपने-अपने क्षेत्रों में फॉर्म-6 की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बीएलओ के बीएलओ ऐप पर लॉगिन की स्थिति की जांच की। इसके अलावा मतदान केंद्रों का सत्यापन भी किया गया।
अभियान के दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुपरवाइजरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई। ईआरओ 156 हरदोई ने आदर्श इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 202, 203, 204, 205 और 206 का निरीक्षण किया। इसके अलावा आरआर इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 286, 287, 288 और 289, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 224 से 229, गंगा देवी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 256 से 261 तथा आईटीआई हरदोई के बूथ संख्या 249 से 254 का भी निरीक्षण किया गया।
इसके साथ ही दो दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सभी बीएलओ से निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर सूचनाएं प्राप्त कीं तथा एईआरओ और सुपरवाइजरों के माध्यम से मतदान केंद्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
ईआरओ 156 हरदोई ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने पर जोर दिया गया।
Bilgram, Hardoi | Oct 17, 2026