सांडी तिराहा स्थित एपीएस पब्लिक इंटर कॉलेज में रावण दहन, बच्चों ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश
हरदोई। सांडी तिराहा क्षेत्र के नेकपुर हातिमपुर स्थित एपीएस पब्लिक इंटर कॉलेज में नवरात्रि एवं विजयादशमी के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप धारण कर रामायण के प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। कार्यक्रम में रावण वध और रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने तथा सत्य, सदाचार और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। धार्मिक पात्रों के आकर्षक स्वरूप और बच्चों के उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अरविंद कुमार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी के महत्व से बच्चों को परिचित कराने और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दशहरा हमें सिखाता है कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत सत्य और अच्छाई की ही होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी महत्व देने तथा अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करने की अपील की।
वहीं, विद्यालय के कुलपति कुमार श्यामनाथ ने कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को नवरात्रि एवं विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के धार्मिक और नैतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सत्य, अच्छाई और अनुशासन के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
Bilgram, Hardoi | Oct 17, 2026